कवर्धा। शहर के वार्ड नंबर 3 स्थित कैलाश सरोवर के पास नगर पालिका के SLRM (अवशिष्ट कचरा प्रबंधन) केंद्र में आज दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने केंद्र में रखे पूरे कचरे को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि केंद्र में जमा सारा कचरा जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच गई, अन्यथा आग पास के रिहायशी इलाके तक फैल सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।
इस सनसनीखेज आगजनी की घटना ने नगर पालिका की कचरा प्रबंधन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
देखिए वीडियो


