कवर्धा, कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में पोलमी कन्या आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा 6वीं की बैगा आदिवासी छात्रा राजेश्वरी की संदिग्ध मौत हो गई। छात्रा नवापारा पोलमी गांव की निवासी थी।
शनिवार सुबह हॉस्टल में उसकी तबीयत बिगड़ने पर अधीक्षिका उसे पोलमी के सरकारी अस्पताल ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। और परिजन छात्रा को अपने घर ले गए, लेकिन घर पहुंचने के बाद उसकी हालत और बिगड़ गई। परिजनों ने उसे दोबारा कुकदूर के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आदिम जाति कल्याण विभाग के आयुक्त एल.पी. पटेल ने नोडल अधिकारियों को मौके पर भेजने और जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस व प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
बैगा आदिवासी छात्रा की संदिग्ध मौत, जांच जारी


