बहाली के संबंध में सकारात्मक आश्वासन के बाद पटवारियों की हड़ताल समाप्त, कामकाज पटरी पर लौटा

कवर्धा जिले में राजस्व कार्यों को ठप कर देने वाली पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। निलंबित पटवारी के मामले में सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद जिले के सभी पटवारी आज से अपनी ड्यूटी पर लौट आए हैं, जिससे राजस्व संबंधी कार्य पुनः सुचारू रूप से शुरू हो गए हैं।
बता दें कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के लोहारा क्षेत्र के दौरे के दौरान किसानों द्वारा की गई शिकायतों के आधार पर क्षेत्र के एक पूर्व पटवारी को तात्कालिक प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। इस कार्रवाई से नाराज पटवारी संघ ने 25 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी, जिसके चलते नामांतरण, नक्शा-बंदी से लेकर ग्रामीण राजस्व सेवाओं तक के कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए थे।
इसका सीधा असर किसानों और आम नागरिकों की परेशानियों के रूप में देखने को मिला।
अब निलंबन वापसी को लेकर मिले सकारात्मक संकेत और आश्वासनों के बाद पटवारी संघ ने अपनी हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही सभी पटवारी आज अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित होकर कार्य में जुट गए।
हड़ताल खत्म होने से किसानों के राजस्व से जुड़े अटके कार्यों के जल्द निपटने की उम्मीद बनी है। प्रशासन ने भी अब कार्यों में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!