नगर के प्रतिष्ठित अशोका पब्लिक स्कूल के स्काउट-गाइड विद्यार्थियों ने सुदूर वनांचल ग्राम गाडाघाट में जरूरतमंद 120 आदिवासी परिवारों तक गर्म वस्त्र और खाद्य सामग्री पहुँचाकर मानवता, सेवा-भाव और सामाजिक दायित्व का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
विद्यालय संचालक पवन देवांगन एवं श्रीमती सारिका देवांगन के मार्गदर्शन में विद्यालय के प्राचार्य एवं स्काउट-गाइड प्रभारी श्री लोकनाथ देवांगन के नेतृत्व में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने यह सेवा अभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न किया। कठिन पहाड़ी मार्गों और सीमित संसाधनों के बीच विद्यार्थियों की संवेदनशीलता और अनुशासन ने अभियान को और भी प्रेरणादायक बना दिया।
टीम ने ग्राम के बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को स्वेटर, जैकेट, कंबल, मफलर, गर्म कपड़े, बिस्किट और चॉकलेट वितरित किए। गर्म वस्त्र पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर आई मुस्कान विद्यार्थियों के लिए भी अविस्मरणीय अनुभव रही।
विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण बच्चों में सेवा, नेतृत्व, करुणा और सामाजिक सद्भाव जैसे मानवीय गुणों का विकास करता है। ऐसे अभियान विद्यार्थियों को संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने की राह दिखाते हैं।

स्काउट मास्टर/गाइड कैप्टन लोकनाथ देवांगन ने बताया कि यह अभियान हर वर्ष आयोजित किया जाता है और समाजसेवा ही सच्ची राष्ट्र सेवा है। शिक्षकों गोपाल कृष्ण, मिताली चंद्रवंशी और अलका यादव के सहयोग से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि— “मानवता सबसे बड़ा धर्म है।”
विद्यालय प्रशासन ने आगे भी ऐसे सामाजिक सेवा अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
उक्त जानकारी विद्यालय मीडिया प्रभारी श्री अशोक कुमार इनवाती द्वारा प्रदान की गई।


