वनांचल और दुर्गम क्षेत्रों के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और ठोस कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रेंगाखार कला में 2 करोड़ 71 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सर्वसुविधायुक्त 100 सीटर बालक छात्रावास के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि “वनांचल व दूरस्थ इलाकों के बच्चों को भी वही शैक्षणिक सुविधाएँ मिलें जो शहरों के बच्चों को प्राप्त हैं।” यह आधुनिक छात्रावास विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुशासित वातावरण देगा, जिससे उनकी शिक्षा में निरंतरता बनी रहेगी।

इस छात्रावास में 20 कमरे, 3 हॉल, डाइनिंग, किचन, स्टोर रूम, मेडिकल रूम, वार्डन रूम सहित सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी। साथ ही शुद्ध पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और स्टडी रूम की भी खास व्यवस्था होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस क्षेत्र में छात्रावास का निर्माण लंबे समय से आवश्यकता था और यह कदम छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।


