दिनांक 15 नवम्बर 2025 की रात्रि लगभग 2 बजे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा कुण्डा में चोरी के इरादे से घुसे एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सतर्क रात्रि गश्त और तत्परता ने बैंक में होने वाली बड़ी वारदात को होने से पहले ही विफल कर दिया।
🚨 कैसे नाकाम हुई चोरी की बड़ी साजिश?
रात्रि गश्त पर निकले आरक्षक संजय मेरावी एवं आरक्षक जितेन्द्र जायसवाल ने बैंक की बंद लाइटें और परिसर में संदिग्ध अंधेरा देखा। शक होने पर उन्होंने तुरंत सूचना थाना कुण्डा को दी। यही सतर्कता पूरी कार्रवाई का आधार बनी।
सूचना मिलते ही एसआई जयराम यादव, एचसी भोला यादव, राखेलाल सोनकर, अरुण बघेल, विवेक प्रताप सिंह, सी. सुराज नेताम, जयंत पटेल सहित पुलिस टीम मौके पर पहुँची। ग्रामीणों की मदद से पता चला कि एक व्यक्ति बैंक के चैनल गेट के ऊपर से कूदकर अंदर घुस चुका है।
बैंक निरीक्षण में सामने आया कि आरोपी ने—
✔ मुख्य दरवाज़े के ताले तोड़ दिए थे
✔ CCTV कैमरे की दिशा बदल दी थी
✔ बैंक की लाइटें बंद कर दी थीं
✔ अंदर से दरवाज़ा बंद कर रखा था
✔ लॉकर रूम के 3 ताले तोड़ चुका था
✔ तिजोरी तोड़ने की तैयारी में था

पुलिस और ग्रामीणों की घेराबंदी देखकर आरोपी बाहर आया तो पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
👮 पकड़े गए आरोपी का नाम
लवलेश निर्मलकर, पिता माधव निर्मलकर
उम्र: 26 वर्ष
निवासी: ग्राम बीजाभाठा, थाना कुण्डा
मौके से चोरी में उपयोग होने वाले औजार तथा ग्राइंडर का टूटा पत्ती हिस्सा बरामद किया गया।
🗣 पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह का बयान
उन्होंने बताया कि जिले में रात्रिकालीन गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के लिए सभी थाना प्रभारियों को पूर्व से ही निर्देशित किया गया था। कुण्डा पुलिस ने उसी का पालन करते हुए घटना को समय रहते नाकाम कर दिया।
⚖️ आगे की कार्रवाई
आरोपी के विरुद्ध थाना कुण्डा में अपराध दर्ज कर लिया गया है। उससे विस्तृत पूछताछ जारी है और प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


