कवर्धा, 14 नवम्बर 2025। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में किसानों को धान विक्रय प्रक्रिया में तेज़ी, पारदर्शिता और सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने ‘तुहर टोकन मोबाइल एप’ की शुरुआत की है। इस मोबाइल ऐप के माध्यम से किसान अब घर बैठे ही धान विक्रय हेतु टोकन प्राप्त कर सकेंगे, जिससे समितियों में लगने वाली लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है।
एप का उपयोग करने के लिए किसानों को आधार आधारित ओटीपी के माध्यम से स्वयं को पंजीकृत करना होगा। किसान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से टोकन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
खाद्य सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने बताया कि खरीदी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए कृषकों की श्रेणी के अनुसार टोकन संख्या निर्धारित की गई है—
सीमांत कृषक (2 एकड़ या उससे कम) : अधिकतम 1 टोकन
लघु कृषक (2 से 10 एकड़) : अधिकतम 2 टोकन
दीर्घ कृषक (10 एकड़ से अधिक) : अधिकतम 3 टोकन
टोकन जारी करने की समय-सीमा रविवार से शुक्रवार, प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक तय की गई है। जारी किए गए टोकन अगले 7 खरीदी दिवसों तक मान्य रहेंगे।
धान खरीदी केंद्रों की प्रतिदिन की कुल खरीदी क्षमता का 70 प्रतिशत हिस्सा मोबाइल ऐप के माध्यम से मिलने वाले टोकन के लिए आरक्षित रहेगा। इस आरक्षित हिस्से में—
80% लघु एवं सीमांत कृषकों के लिए
20% दीर्घ कृषकों के लिए रखा गया है।
उदाहरण के तौर पर, यदि किसी केंद्र की प्रतिदिन खरीदी क्षमता 1000 क्विंटल है, तो मोबाइल ऐप के लिए आरक्षित 700 क्विंटल में से 560 क्विंटल लघु व सीमांत किसानों तथा 140 क्विंटल दीर्घ कृषकों के लिए उपलब्ध होगा। शेष 30 प्रतिशत टोकन सोसायटी स्तर पर जारी किए जाएंगे, ताकि सभी वर्ग के किसानों को आसानी से टोकन प्राप्त हो सके।
खाद्य विभाग का यह नया ‘तुहर टोकन मोबाइल एप’ किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता, समान अवसर और समय की बचत सुनिश्चित करेगा।


