कबीरधाम, 12 नवंबर 2025।
छत्तीसगढ़ प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रकोष्ठ के संरक्षक श्री रविंद्र तिवारी के नेतृत्व में जिला कबीरधाम के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने आज सात माह से लंबित कार्य आधारित वेतन भुगतान न होने के विरोध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय का घेराव करते हुए ध्यान आकर्षण कार्यक्रम आयोजित किया।
वेतन न मिलने से आक्रोशित स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अप्रैल 2025 से राज्य द्वारा वेतन भुगतान हेतु तीन बार फंड प्राप्त हुआ था, किन्तु जिले के अधिकारियों ने उक्त राशि को अन्य मदों में खर्च कर दिया। परिणामस्वरूप सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी दिवाली जैसे पर्व पर भी आर्थिक तंगी के अंधेरे में जीवनयापन कर रहे हैं।
चर्चा के दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला लेखा प्रबंधक ने स्वीकार किया कि राज्य से प्राप्त राशि का उपयोग अन्य कार्यों में किया गया है। वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक की अनुपस्थिति पर अधिकारियों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की, क्योंकि दोनों अधिकारी राज्य स्तरीय बैठक में उपस्थित थे।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर वेतन भुगतान की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो दिनांक 24 नवंबर 2025 से जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे और स्वास्थ्य सेवाएँ ठप कर देंगे। आंदोलन की सम्पूर्ण जिम्मेदारी सीएमएचओ कबीरधाम की होगी।
इस मौके पर प्रांतीय एवं जिला पदाधिकारियों में श्री सोहन कुंभकार (प्रांतीय कोषाध्यक्ष), श्री महेंद्र चंद्रवंशी (प्रांतीय महासचिव), श्री छवि साहू (जिला अध्यक्ष), श्री मुनि जायसवाल (जिला उपाध्यक्ष), कुमारी रोशनी शीलाता (जिला सलाहकार), श्री चंद्रकुमार एवं श्री तन्मय साहू (जिला मीडिया प्रभारी), सुश्री मुस्कान (ब्लॉक अध्यक्ष लोहारा), कुमारी भाविका चंद्रवंशी (ब्लॉक अध्यक्ष कवर्धा), श्रीमती अंजिता मरावी (ब्लॉक अध्यक्ष पंडरिया), श्री अशोक लहरिया (जिला अध्यक्ष, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ) सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।


