श्रद्धा का सम्मान, सेवा का संकल्प: अमरकंटक में पांचवें वर्ष भी कांवड़ यात्रियों की सेवा में विधायक भावना बोहरा

कवर्धा/अमरकंटक। सावन माह में भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन हजारों कांवड़ यात्रियों के लिए इस वर्ष भी पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने सेवा का संकल्प दोहराया है। लगातार पांचवें वर्ष अमरकंटक में कबीरधाम जिले से आने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए 30 जुलाई से 24 अगस्त तक निःशुल्क भोजन, विश्राम, शुद्ध पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
भावना समाज सेवी संस्थान के सहयोग से अमरकंटक के मेला मैदान (डोम), नया नगर पालिका परिसर, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) में सेवा शिविर संचालित होगा। यहां प्रतिदिन कबीरधाम सहित आसपास के क्षेत्रों से आने वाले शिवभक्तों को सात्विक भोजन, विश्राम स्थल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी कठिन कांवड़ यात्रा अधिक सुरक्षित और सुगम बन सके।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और पुण्य का विषय है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों से यह सेवा अभियान लगातार जारी है और आगे भी निरंतर चलता रहेगा। उनका कहना है कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, अनुशासन, त्याग और समर्पण की जीवंत परंपरा है।
उन्होंने पिछले वर्ष स्वयं अमरकंटक से मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर 151 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा पूरी करने का अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह यात्रा छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और जनकल्याण के संकल्प के साथ संपन्न हुई थी। इस वर्ष भी शिवभक्तों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं तथा प्रतिदिन भव्य महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा।
भावना बोहरा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल भोजन और विश्राम की व्यवस्था करना नहीं, बल्कि हर कांवड़ यात्री को सम्मान, आत्मीयता और सहयोग का अनुभव कराना है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा और संवेदनशीलता सर्वोच्च मूल्य हैं और इन्हीं मूल्यों के साथ यह सेवा अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है।
सेवा शिविर अवधि: 30 जुलाई से 24 अगस्त
स्थान: मेला मैदान (डोम), नया नगर पालिका परिसर, अमरकंटक, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)
संपर्क: 97553-59004, 97544-62000

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!