कवर्धा। कबीरधाम जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कवर्धा में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को आखिरकार नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) से मान्यता मिल गई है। मान्यता मिलने के साथ ही जिले में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है।
क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने 16 जून 2026 को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर मेडिकल कॉलेज को मान्यता दिलाने का आग्रह किया था। उन्होंने पत्र में बताया था कि केंद्र सरकार पहले ही मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति दे चुकी है, राज्य सरकार भवन निर्माण के लिए राशि जारी कर चुकी है और निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया था कि स्थायी भवन तैयार होने तक आयुष भवन, उद्योग भवन तथा छात्रावास के लिए पुराने तहसील कार्यालय का उपयोग किया जा सकता है।
सांसद के आग्रह के बाद नेशनल मेडिकल कमीशन ने मामले पर पुनर्विचार करते हुए मेडिकल कॉलेज को मान्यता प्रदान कर दी। इस निर्णय से अब जिले में मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
सांसद संतोष पांडेय ने मेडिकल कॉलेज को मान्यता मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से कबीरधाम सहित आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मेडिकल शिक्षा का लाभ मिलेगा।
2021 से लगातार प्रयासरत रहे सांसद
सांसद संतोष पांडेय वर्ष 2021 से कबीरधाम में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए लगातार प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने लोकसभा में यह मुद्दा उठाने के साथ तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को पत्र लिखा था। वर्ष 2023 में तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडवीय से मुलाकात कर मेडिकल कॉलेज की मांग दोहराई। इसके बाद केंद्र सरकार ने मेडिकल कॉलेज को स्वीकृति दी। वहीं भवन निर्माण के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद राज्य सरकार ने भी प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की। अब एनएमसी की मान्यता मिलने के साथ मेडिकल कॉलेज का सपना साकार होने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम पूरा हो गया है।





