कुंआ-बिपतरा स्थित जानकीवन धाम में आयोजित भव्य शिव मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा एवं महायज्ञ कार्यक्रम आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक गरिमा के बीच सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल तथा पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में मंत्री व विधायक के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों ने उनका आत्मीय और भव्य स्वागत किया। पूरे आयोजन में धार्मिक उत्साह और जनसमूह की सहभागिता ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा हमारी पहचान है। जानकीवन धाम जैसे पवित्र स्थल श्रद्धा के केंद्र होने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और आने वाले समय में यह स्थल प्रदेश के प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
वहीं विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह आयोजन सनातन संस्कृति की गहराई और समाज की एकजुटता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने आयोजन समिति और ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह आयोजन हमारी संस्कृति, आस्था और एकता को और अधिक सशक्त करने वाला है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने महायज्ञ एवं पूजा-अर्चना में भाग लेकर प्रदेश की खुशहाली की कामना की और पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं उत्साह का वातावरण बना रहा।




