रेंगाबोड़ (कुंडा) व्यपवर्तन योजना को मिली 63.80 करोड़ की मंजूरी, किसानों को मिलेगा सिंचाई का लाभ

पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए वर्षों से प्रतीक्षित खुशखबरी आखिरकार आ ही गई। विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों से डबल इंजन भाजपा सरकार ने रेंगाबोड़ (कुंडा) व्यपवर्तन योजना को ₹63.80 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील सरकार के निर्णय से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है।
यह महत्वाकांक्षी योजना ग्राम बनियाकुबा, रेंगाबोड़ (कुंडा), ओड़ाडबरी, लोखान, सेन्हाभाटा, दुल्लापुर, बर्घरा एवं भुवालपुर सहित आसपास के गांवों के लिए जीवनरेखा साबित होगी। परियोजना के पूर्ण होने पर लगभग 1620 हेक्टेयर खरीफ क्षेत्र में सुनिश्चित सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे किसान अब केवल मानसून पर निर्भर नहीं रहेंगे और कृषि उत्पादन के साथ-साथ उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल सिंचाई तक सीमित नहीं, बल्कि किसान सशक्तिकरण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विस्तार, रोजगार सृजन और पंडरिया विधानसभा के समग्र विकास की दिशा में एक निर्णायक कदम है। लंबे समय से लंबित सिंचाई समस्या का समाधान कर यह योजना क्षेत्र के विकास को नई गति देगी।


विधायक ने बताया कि भाजपा सरकार के गठन के बाद से पंडरिया विधानसभा में जल संसाधन एवं सिंचाई से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाएं प्रगति पर हैं। इनमें बकेला के पास हाफ नदी व्यपवर्तन योजना, फिडर एवं रमतला जलाशय का शीर्ष कार्य, क्रांति एवं देवसरा जलाशय नहरों का रिमॉडलिंग-लाइनिंग, सुतियापाट मध्यम सिंचाई परियोजना, महीडबरा जलाशय, आगर नदी पर एनीकट निर्माण सहित ₹121 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं शामिल हैं।
भावना बोहरा ने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में जल संचय क्षमता कई गुना बढ़ेगी, किसानों को बारहमासी जल स्रोतों का लाभ मिलेगा और जल संकट से बड़ी राहत मिलेगी। मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारती डबल इंजन सरकार किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। निश्चित ही ये परियोजनाएं पंडरिया विधानसभा को कृषि क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!