कुएँ में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका

कबीरधाम जिले के थाना सहसपुर लोहारा अंतर्गत चौकी रणवीर क्षेत्र के सीमावर्ती ग्राम पैलपार में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के एक कुएँ में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। यह क्षेत्र थान खम्हरिया–नगर सीमा से लगा हुआ बताया जा रहा है।
ग्रामीणों द्वारा कुएँ में शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सहसपुर लोहारा पुलिस और चौकी रणवीर की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद शव को कुएँ से बाहर निकाला गया। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस आसपास के गांवों और इलाकों में गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है, ताकि शव की पहचान की जा सके और घटना के कारणों का खुलासा हो सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!