विधायक भावना बोहरा ने 4.86 करोड़ रुपये के तीन सड़क निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन
छत्तीसगढ़ में डबल इंजन भाजपा सरकार के गठन के बाद से प्रदेशभर में विकास कार्यों और अधोसंरचना निर्माण को नई गति मिली है। इसी कड़ी में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों से ग्रामीण अंचलों में पक्की सड़कों का विस्तार हो रहा है, जिससे आमजन को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल रही है।
शुक्रवार को पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना अंतर्गत कुल 4 करोड़ 86 लाख 26 हजार रुपये की लागत से निर्मित होने वाले तीन सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इनमें
- बगदई से कौड़िया सड़क (लागत 1 करोड़ 83 लाख 95 हजार रुपये),
- बनिया से कारेसरा मार्ग (लागत 1 करोड़ 57 लाख 44 हजार रुपये) तथा
- गांगीबहरा से हथलेवा सड़क (लागत 1 करोड़ 44 लाख 87 हजार रुपये)
शामिल हैं।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार विकास, सेवा और सुशासन के संकल्प के साथ जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। सुदृढ़ सड़कें न केवल आवागमन को आसान बनाएंगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को भी नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक पक्की सड़क, बिजली और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही विकास और अधोसंरचना निर्माण के माध्यम से जनता एवं किसानों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि विगत दो वर्षों में पंडरिया विधानसभा ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। शहर से लेकर गांव, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों तक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कई बहुप्रतीक्षित सिंचाई परियोजनाओं का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है, जिससे सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि वर्तमान में पंडरिया विधानसभा में 400 करोड़ रुपये से अधिक के विकास, अधोसंरचना और सिंचाई से जुड़े कार्य प्रगति पर हैं। सड़कों के निर्माण, पुल-पुलियों, चौक-चौराहों के विकास, तालाबों और शहरों के सौंदर्यीकरण के साथ बिजली और पानी की पर्याप्त आपूर्ति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता के साथ हो रहे इन कार्यों से वर्षों तक उपेक्षित रहा पंडरिया विधानसभा आज निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है।


