कवर्धा के भोरमदेव मार्ग -लासाटोला के पास आज एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। हाईवा ट्रक और मोटरसाइकिल की आमने–सामने भिड़ंत में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दो युवकों के एक-एक हाथ कटकर अलग हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों घायल युवक पास के गांव भालूचूआ के निवासी हैं। हादसे के तुरंत बाद हाईवा ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही 112 आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल कवर्धा पहुंचाया गया, जहां तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए नाकेबंदी कर आसपास के इलाकों में खोजबीन की जा रही है।
भोरमदेव मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, हाईवा–मोटरसाइकिल टक्कर में तीन युवक गंभीर दो युवकों के हाथ कटकर अलग, हालत नाजुक, ट्रक चालक फरार


