कवर्धा को मिला आधुनिक चिकित्सा का उपहार: कमला हॉस्पिटल के नए परिसर का भव्य शुभारंभ

जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण उस समय साकार हुआ, जब हृदय रोग एवं मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सिद्धार्थ जैन के प्रतिष्ठित कमला हॉस्पिटल के नए अत्याधुनिक परिसर का भव्य शुभारंभ किया गया। इस गरिमामय अवसर पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडे, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह तथा नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने नए परिसर का अवलोकन कर यहां उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की सराहना की।

तीन पीढ़ियां एक साथ, सेवा की मिसाल: डॉ. रमन सिंह

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कमला हॉस्पिटल के लोकार्पण अवसर पर आज तीन पीढ़ियां एक साथ उपस्थित हैं। उन्होंने डॉ. सिद्धार्थ जैन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतने कम समय में जिस तरह उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ और विशेषकर कवर्धा में अपनी अलग पहचान बनाई है, वह असाधारण है। उन्होंने कहा, “सिद्धार्थ ने सिर्फ इलाज नहीं किया, बल्कि लोगों के दिलों में जगह बनाई है। मेरा आशीर्वाद सदैव इनके साथ है।”

कवर्धा के लिए दो ऐतिहासिक दिन: सांसद संतोष पांडे

सांसद संतोष पांडे ने कहा कि आज कवर्धा के लिए दोहरे ऐतिहासिक क्षण हैं—एक ओर मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन और दूसरी ओर कमला हॉस्पिटल के नए परिसर का शुभारंभ। उन्होंने कहा कि कोविड काल में डॉ. सिद्धार्थ जैन द्वारा की गई सेवाएं अविस्मरणीय हैं। “उनके हाथों में जादू है। यह अस्पताल आने वाले समय में चिकित्सा क्षेत्र का नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।”

कोविड काल की निस्वार्थ सेवा का प्रतिफल: विधायक भावना बोहरा

विधायक भावना बोहरा ने डॉ. सिद्धार्थ जैन और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि कोविड काल में उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों को जीवनदान दिया। “बड़े शहरों जैसी सुविधाएं अब कवर्धा में उपलब्ध होना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। यह अस्पताल स्थानीय नागरिकों के लिए वरदान सिद्ध होगा।”

अब बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा

कमला हॉस्पिटल के नए परिसर में अत्याधुनिक मशीनें, उन्नत हृदय जांच एवं उपचार सुविधाएं, आधुनिक आईसीयू और प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ की व्यवस्था की गई है। हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए अब मरीजों को बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।

सेवा ही हमारा उद्देश्य: डॉ. सिद्धार्थ जैन

डॉ. सिद्धार्थ जैन ने सभी अतिथियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कमला हॉस्पिटल का उद्देश्य केवल इलाज नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना के साथ सेवा देना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नए परिसर के माध्यम से मरीजों को उच्चस्तरीय, सुलभ और समर्पित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

उत्साह और जनकल्याण के वातावरण में संपन्न हुआ समारोह

उद्घाटन अवसर पर अस्पताल परिसर में उत्साह, उमंग और जनकल्याण की भावना देखने को मिली। इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अनिल ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम, आरएसएस प्रमुख चंद्रशेखर वर्मा, जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, पूर्व क्रेडा सदस्य कन्हैया लाल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सकगण, गणमान्य नागरिक, अस्पताल स्टाफ, स्थानीय लोग एवं परिजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास और सकारात्मक ऊर्जा के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!