मितानिन दिवस के अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा ग्राम गैंदपुर के स्कूल मैदान में “हमर मितान – मितानिन दीदी सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्रभर से आई 600 से अधिक मितानिन बहनों को उनकी अद्वितीय सेवा, समर्पण और स्वास्थ्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।
विधायक भावना बोहरा ने संबोधन में कहा—
“मितानिन बहनें सिर्फ स्वास्थ्य कार्यकर्ता नहीं, बल्कि स्वस्थ प्रदेश और समृद्ध समाज की आधारशिला हैं।”
उन्होंने कहा कि मितानिन दीदियों की सेवा भावना ही हर परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा, मातृ-शिशु देखभाल और जागरूकता का आधार है। वे घर-घर जाकर टीकाकरण, पोषण, प्रसूति सेवाएँ, स्वच्छता एवं बीमारियों से बचाव की जानकारी देकर समाज को स्वस्थ बनाने में अविस्मरणीय योगदान दे रही हैं।

उन्होंने आगे कहा कि—
- मितानिन बहनें स्वास्थ्य सेवाओं की अंतिम कड़ी हैं
- वे सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु का काम करती हैं
- उनके अथक परिश्रम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का स्वरूप लगातार बेहतर हो रहा है
समारोह में विधायक बोहरा ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार मितानिनों के मानदेय, प्रशिक्षण, उपकरण, डिजिटल साधनों की उपलब्धता और समय-समय पर कौशल उन्नयन को प्राथमिकता दे रही है।
यह सम्मान समारोह मितानिनों के त्याग, सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्य को समर्पित रहा, जिसने उन्हें समाज में “सम्मान और विश्वास का प्रतीक” बनाया है।


