कवर्धा। कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित भाजपा कार्यालय के पीछे एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने रिश्तों का खून कर दिया। रोज़ाना एक ही सब्ज़ी बनाए जाने को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई को टांगिया से मारकर मौत के घाट उतार दिया।
मृतक की पहचान विनोद बंजारे (38 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई श्रवण बंजारे को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि घर में रोज़ाना एक ही सब्ज़ी बनाकर परोसने को लेकर दोनों भाइयों के बीच आए दिन विवाद होता था। देर शाम यह विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने गुस्से में आकर बड़े भाई पर टांगिया से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। घटना से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।



