भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2025) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में कबीरधाम जिले में यह अभियान सुचारू रूप से जारी है। बीएलओ द्वारा घर-घर सर्वे कर मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है, जो 4 दिसंबर 2025 तक चलेगा।
इस दौरान प्रत्येक मतदाता को गणना फॉर्म दो प्रतियों में दिया जा रहा है, जिनमें से एक मतदाता द्वारा भरकर बीएलओ को सौंपी जाएगी। फॉर्म में वर्ष 2003 की मतदाता सूची से नामों का मिलान किया जाएगा। जिनका नाम पुरानी सूची में नहीं है, उन्हें अपनी पात्रता साबित करने के लिए 13 निर्धारित दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
📋 निर्धारित 13 प्रमुख दस्तावेजों में शामिल हैं –
पासपोर्ट, जन्म प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, मैट्रिकुलेशन/शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पेंशन आदेश, परिवार रजिस्टर, भूमि/मकान आवंटन प्रमाणपत्र, वन अधिकार पत्र, जाति प्रमाणपत्र आदि।

यह विशेष पुनरीक्षण कार्य 6 चरणों में पूरा होगा —
1️⃣ प्रशिक्षण एवं तैयारी: 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025
2️⃣ घर-घर सत्यापन: 4 दिसंबर 2025 तक
3️⃣ प्रारंभिक सूची प्रकाशन: 9 दिसंबर 2025
4️⃣ दावा-आपत्ति अवधि: 9 दिसंबर से 8 जनवरी 2026
5️⃣ सुनवाई एवं सत्यापन: 9 दिसंबर से 31 जनवरी 2026
6️⃣ अंतिम सूची प्रकाशन: 7 फरवरी 2026
बीएलओ नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 और घोषणा पत्र एकत्र करेंगे तथा आधार लिंकिंग में सहायता करेंगे। वे प्रत्येक घर का कम से कम तीन बार दौरा करेंगे। साथ ही मृत, स्थानांतरित या दोहरी प्रविष्टियों की पहचान भी करेंगे।
👉 जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बीएलओ को आवश्यक जानकारी और दस्तावेज प्रदान कर इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग दें।


