मंत्री टंकराम वर्मा और विधायक भावना बोहरा ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन, तीन कॉलेजों के लिए ₹7.50 करोड़ की घोषणा; कुई-कुकदूर में नए महाविद्यालय भवन और दो महतारी सदनों का होगा निर्माण
कवर्धा/कुई-कुकदूर। वनांचल क्षेत्र में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर बड़ी पहल की गई है। कुई-कुकदूर के हेलिपैड मैदान में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा और पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ₹5 करोड़ 96 लाख 96 हजार के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान शासकीय महाविद्यालय कुई-कुकदूर की छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के 5 हजार से अधिक लोग शामिल हुए।
विकास कार्यों के तहत ₹4 करोड़ 65 लाख 84 हजार की लागत से शासकीय महाविद्यालय कुई-कुकदूर के नवीन भवन का भूमिपूजन किया गया। वहीं ₹71.12 लाख की लागत से निर्मित तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा ग्राम कुई और कुकदूर में ₹30-30 लाख की लागत से महतारी सदनों का निर्माण किया जाएगा। इन सुविधाओं से विद्यार्थियों, ग्रामीणों और महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
तीन कॉलेजों के लिए ₹7.50 करोड़ की घोषणा
विधायक भावना बोहरा के आग्रह पर मंत्री टंकराम वर्मा ने ग्राम कापादाह में नवीन शासकीय महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा की। साथ ही पंडरिया और पांडातराई शासकीय महाविद्यालयों में ऑडिटोरियम निर्माण एवं परिसर के विकास के लिए ₹2.50-2.50 करोड़ देने की घोषणा की। इन घोषणाओं से क्षेत्र में उच्च शिक्षा के संसाधनों के विस्तार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में उम्मीदें बढ़ी हैं।
पंडरिया विधानसभा में अब 9 निःशुल्क बस सेवाएं
विधायक भावना बोहरा की पहल पर शुरू हुई निःशुल्क बस सेवा से कुई-कुकदूर महाविद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी। बस ग्राम अमनिया से चलकर नेऊर, कुशियारी, महीडबरा, दमगढ़, लुढुटोला, उपका, अमेरा, कुर्सीकछार सहित कुई क्षेत्र की छात्राओं को लेकर महाविद्यालय पहुंचेगी।
भावना बोहरा ने बताया कि इस बस सेवा के शुभारंभ के साथ पंडरिया विधानसभा में कुल 9 निःशुल्क बस सेवाएं संचालित होंगी। इनके माध्यम से अब तक 1,500 से अधिक बेटियों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि आवागमन की परेशानी और आर्थिक तंगी के कारण किसी भी बेटी की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए। बेटियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना उनकी प्राथमिकता है।

घर के पास प्रशासनिक सुविधा, महिलाओं को मिलेगा मंच
तहसील कार्यालय भवन के लोकार्पण से वनांचल के ग्रामीणों को राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य शासकीय कार्यों में सुविधा मिलने से समय और खर्च की बचत होगी। वहीं महतारी सदनों के माध्यम से महिलाओं को सामुदायिक गतिविधियों, जागरूकता कार्यक्रमों और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी गतिविधियों के लिए स्थान उपलब्ध होगा।
मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। वनांचल के लोगों को शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू करने की पहल की सराहना की।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि वनांचल के गांवों का समग्र विकास, युवाओं को बेहतर शिक्षा और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
इन विकास कार्यों और घोषणाओं से कुई-कुकदूर सहित आसपास के वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा, प्रशासनिक सुविधाओं और महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिलने की उम्मीद है।







