97.43 लाख के विकास कार्यों का विधायक भावना बोहरा ने किया भूमिपूजन

पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम रामपुर (ठाठापुर) में ₹97 लाख 43 हजार की लागत से विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला समूहों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से क्षेत्र में जनता की आवश्यकताओं एवं आकांक्षाओं के अनुरूप निरंतर विकास कार्य स्वीकृत होकर धरातल पर उतर रहे हैं। भूमिपूजन किए गए कार्यों में ₹43.68 लाख की लागत से बॉक्स कल्वर्ट एवं आरसीसी नाली निर्माण, ₹25 लाख की लागत से रानी खेत के पास स्टॉपडेम निर्माण, गनियारी नाला में ₹19 लाख की लागत से चेकडेम निर्माण, ₹8 लाख की लागत से प्राथमिक शाला के पास पुलिया निर्माण तथा ₹1.75 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के प्रत्येक गांव तक विकास पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, पुलिया, नाली, जल संरक्षण और अधोसंरचना विकास से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार की दूरदर्शी नीतियों और सशक्त नेतृत्व के कारण आज गांव-गांव में विकास की तस्वीर स्पष्ट दिखाई दे रही है। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है, वहीं ग्रामीण सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन से आवागमन सुगम हुआ है। बिजली, पानी और अधोसंरचना विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
विधायक ने कहा कि पुल-पुलिया, सीसी रोड, नाली निर्माण, स्टॉपडेम और चेकडेम जैसे कार्यों से जल संरक्षण, खेती और गांवों की आंतरिक कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है, जिससे समग्र ग्रामीण विकास को गति मिली है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्री नरेश साहू, महामंत्री श्री दारा सिंह, जिला मंत्री श्री राघवेंद्र वर्मा, सरपंच श्री गोपाल नेताम, जनपद सदस्य प्रतिनिधि श्री पिंटू सिंह, श्रीमती रुखमणि खोमलाल कौशिक सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!