बोड़ला में आयोजित हुआ स्वस्थ पंचायत जन संवाद सम्मेलन
कबीरधाम जिले के बोड़ला में आयोजित स्वस्थ पंचायत जन संवाद सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने मितानिनों की भूमिका को ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि मितानिनें निस्वार्थ भाव से पूरे गांव को अपना परिवार मानकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य की सतत निगरानी करती हैं। उनके अथक प्रयासों से आज स्वास्थ्य सेवाएं पंचायत स्तर तक सुलभ हो सकी हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान महिलाओं की भागीदारी को नई ऊंचाई देगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग डेढ़ लाख पंच और 11 हजार से अधिक सरपंच निर्वाचित हुए हैं, जिनमें करीब 55 प्रतिशत महिलाएं हैं—यह ग्रामीण लोकतंत्र में महिलाओं की सशक्त उपस्थिति का प्रमाण है।
शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना को महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता राशि सीधे महिलाओं के खातों में जमा हो रही है, जिससे वे अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ आत्मविश्वास भी प्राप्त कर रही हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि महिला समूह क्लस्टर के सीएफएल मुख्यालयों में महतारी सदन का निर्माण किया जा रहा है। जिले में कुल 19 महतारी सदन स्थापित होंगे, जो महिला समूहों के लिए रोजगार, आय संवर्धन और स्वावलंबन के केंद्र बनेंगे। इनका संचालन भी महिलाओं द्वारा ही किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक पंचायत में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र प्रारंभ किए गए हैं, जिससे महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं की राशि ग्राम स्तर पर ही प्राप्त हो सकेगी। इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए शहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।


