उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विधायक भावना बोहरा ने रखी विकसित पंडरिया की मजबूत नींव
पंडरिया। पंडरिया विधानसभा के विकास इतिहास में आज का दिन स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया, जब पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में आयोजित भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने ₹19 करोड़ 94 लाख 75 हजार की लागत से विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर जनता को समर्पित किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में 10,000 से अधिक नागरिकों की उपस्थिति ने जनविश्वास और जनसमर्थन का नया कीर्तिमान रच दिया।
समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने विधायक भावना बोहरा की अनुशंसा पर नगर पालिका पंडरिया को ₹2 करोड़ तथा नगर पंचायत पांडातराई एवं इंदौरी को ₹1-1 करोड़ की अतिरिक्त सौगात देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विधायक भावना बोहरा ने जनसेवा को अपना संकल्प बनाया है और उनके अथक प्रयासों से पंडरिया विधानसभा विकास के नए अध्याय लिख रही है।
श्री साव ने कहा कि सड़क, पेयजल, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में शुरू हो रहे ये कार्य पंडरिया की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेंगे। बेटियों की शिक्षा हेतु 8 निःशुल्क बसें, 8 निःशुल्क एम्बुलेंस, मोबाइल हेल्थ पैथ लैब और निःशुल्क कोचिंग सेंटर जैसी अभिनव पहलें भावना बोहरा को “एम्बुलेंस वाली दीदी” के रूप में विशिष्ट पहचान दिलाती हैं।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा की सेवा का अवसर उनके लिए सौभाग्य है। उन्होंने ₹19 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को जनता को समर्पित करते हुए संकल्प लिया कि विकास की रोशनी हर गांव, हर बस्ती और वनांचल क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया।
₹13.89 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन
नगर पालिका पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई अंतर्गत कार्यालय भवन, मिनी स्टेडियम, एसएलआरएम सेंटर, चौक-चौराहों के विकास सहित ₹13 करोड़ 89 लाख 33 हजार के कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
₹6.05 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण
जल जीवन मिशन, नवीन तहसील भवन, चौपाटी, भारत माता चौक सहित ₹6 करोड़ 5 लाख 42 हजार के कार्यों का लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक साहू, नगर एवं जनपद अध्यक्षगण, जिला पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
पंडरिया आज विकास, विश्वास और विजन की नई ऊंचाइयों को छूता नजर आया।


