कबीर आश्रम दामाखेड़ा को मिली जनसेवा की नई सौगात

विधायक भावना बोहरा द्वारा समर्पित एम्बुलेंस का वंशाचार्य पंथ श्री उदितमुनि नाम साहेब जी ने किया शुभारंभ

पंथ श्री 108 हुजूर उग्रनाम साहेब स्मृति संत समागम मेला, लोलेसरा के पावन अवसर पर संत शिरोमणि कबीर साहेब जी की तपोभूमि कबीर आश्रम दामाखेड़ा में जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई। पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा आश्रम संचालित पंथ श्री गृन्धमुनि नाम साहेब मेमोरियल हॉस्पिटल, दामाखेड़ा के लिए आपातकालीन सेवाओं हेतु एक एम्बुलेंस समर्पित की गई।

इस एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ आश्रम के नवोदित वंशाचार्य पंथ श्री उदितमुनि नाम साहेब जी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने विधायक भावना बोहरा के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि यह एम्बुलेंस केवल एक वाहन नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और संवेदनशील जनप्रतिनिधित्व का जीवंत प्रतीक है।

आश्रम के प्रमुख परम पूज्य पंथ श्री हुजूर प्रकाशमुनी नाम साहेब जी ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि विधायक भावना बोहरा द्वारा किया गया यह प्रयास जरूरतमंदों के लिए जीवनरक्षक सिद्ध होगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री दयाल दास बघेल जी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि संत कबीर साहेब जी ने अपने वचनों में मानवता, समानता और सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया है। उन्हीं मूल्यों से प्रेरित होकर यह एम्बुलेंस जनता को समर्पित की गई है, जो आश्रम परिसर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करेगी।

उन्होंने कहा कि दामाखेड़ा आश्रम केवल आध्यात्मिक केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक जागरण, सेवा और समरसता का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। आश्रम द्वारा संचालित अस्पताल निरंतर जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है, जिससे समाज के कमजोर वर्गों को बड़ी राहत मिल रही है।

भावना बोहरा ने आगे कहा कि जनप्रतिनिधि होना उनके लिए केवल दायित्व नहीं, बल्कि सेवा का अवसर है। जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगा।

उन्होंने संत समाज, आश्रम प्रबंधन एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह एम्बुलेंस अनेक जीवनों की रक्षा करेगी और आपातकालीन समय में जरूरतमंदों के लिए आशा की किरण बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!