कबीरधाम जिले के आदिवासी बहुल समरू गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गांव के ही एक सरफिरे युवक ने धारदार टंगिया से तीन ग्रामीणों पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब तीनों ग्रामीण किसी काम से कवर्धा की ओर जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक रास्ते में हाथ में धारदार टंगिया लेकर खड़ा था। जैसे ही तीनों ग्रामीण वहां से गुजरे, उसने उन्हें रोककर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में एक युवक की गर्दन गंभीर रूप से कट गई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। वहीं दूसरे युवक की पीठ पर गहरी चोट आई, जबकि तीसरे युवक के पैर पर टंगिया से वार किया गया।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल कवर्धा लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
इधर, इस मामले की सूचना झलमला थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना के बाद से समरू गांव में दहशत का माहौल है।


