भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक इतिहास में एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ते हुए बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं बांकीपुर विधानसभा से लगातार पाँच बार निर्वाचित जनप्रिय विधायक श्री नितिन नवीन जी को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व से नवाजा गया है। यह नियुक्ति न केवल उनके दीर्घकालीन संगठनात्मक योगदान और अथक परिश्रम की स्वीकृति है, बल्कि भाजपा की उस कार्यकर्ता-प्रधान संस्कृति का भी सशक्त उदाहरण है, जहाँ निष्ठा, क्षमता और समर्पण को सर्वोच्च सम्मान मिलता है।
इस अवसर पर पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने श्री नितिन नवीन जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि “एक सामान्य कार्यकर्ता से राष्ट्रीय नेतृत्वकर्ता तक की श्री नितिन नवीन जी की यात्रा हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। पार्टी और राष्ट्र के प्रति उनका अविचल समर्पण, संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और कार्यकर्ताओं के साथ उनका आत्मीय संवाद उन्हें एक सशक्त और दूरदर्शी नेता के रूप में स्थापित करता है।”
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी के रूप में श्री नितिन नवीन जी के साथ निरंतर कार्य करने का अवसर उन्हें मिला, जहाँ उन्होंने बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कुशल मार्गदर्शन, सुविचारित रणनीति और जमीनी सक्रियता के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कुशासन को समाप्त कर वर्ष 2023 में भाजपा की सुशासनकारी सरकार का गठन संभव हो सका।
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड और बिहार विधानसभा चुनावों के दौरान भी श्री नितिन नवीन जी के नेतृत्व में कार्य करते हुए यह सीखने को मिला कि किस प्रकार जनसमस्याओं को प्राथमिकता देते हुए संगठनात्मक शक्ति को चुनावी सफलता में रूपांतरित किया जाता है। विशेष रूप से युवाओं और नए कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का उनका दृष्टिकोण, उन्हें एक संवेदनशील और प्रेरक नेतृत्वकर्ता के रूप में प्रतिष्ठित करता है।
भावना बोहरा ने कहा कि “यह नियुक्ति केवल एक पदभार नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक सशक्त करने की जिम्मेदारी है।” श्री नितिन नवीन जी का राजनीतिक जीवन छात्र राजनीति से प्रारंभ होकर संगठन, विधानसभा और सरकार तक निरंतर संघर्ष, परिश्रम और सेवा की जीवंत मिसाल रहा है। उन्होंने राजनीति को सत्ता का साधन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और समर्पण का माध्यम माना है।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के प्रति श्री नितिन नवीन जी की संवेदनशीलता, कार्यकर्ताओं के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव और संगठन के प्रति उनकी अटूट निष्ठा ही उनकी कार्यशैली की पहचान है। “कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है” — इस विचार को उन्होंने केवल कहा ही नहीं, बल्कि व्यवहार में भी उतारा है। आज उन्हें मिला यह दायित्व उन लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं के विश्वास और परिश्रम का प्रतिफल है।
विधायक भावना बोहरा ने इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवा नेतृत्व पर उनका विश्वास भाजपा की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी स्वयं एक साधारण कार्यकर्ता से देश के सर्वोच्च पद तक पहुँचने की प्रेरणादायी मिसाल हैं, वहीं श्री अमित शाह जी ने संगठनात्मक मजबूती और बूथ प्रबंधन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे. पी. नड्डा जी के मार्गदर्शन में भाजपा निरंतर विस्तार, संतुलन और सुदृढ़ता के साथ आगे बढ़ रही है।
अंत में भावना बोहरा ने कहा कि भाजपा की कार्यकर्ता-प्रधान संस्कृति पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानववाद और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के राष्ट्र प्रथम के विचारों को साकार करती है। उन्होंने पुनः श्री नितिन नवीन जी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के दायित्व हेतु हार्दिक बधाई देते हुए उनके यशस्वी, सुदृढ़ और प्रेरणादायी कार्यकाल की मंगलकामना की तथा ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सफलता की प्रार्थना की।


