छत्तीसगढ़ विधानसभा की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शीतकालीन सत्र के पहले दिन ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विज़न 2047’ पर आयोजित विशेष चर्चा में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने प्रभावी ढंग से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास के लिए जिला स्तरीय सुविधाओं का विस्तार हर ब्लॉक और गाँव तक किया जाना आवश्यक है, विशेषकर वनांचल और आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में।
विधायक भावना बोहरा ने विधानसभा की रजत जयंती और नवीन विधानसभा भवन में आयोजित प्रथम सत्र को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह केवल एक सत्र नहीं, बल्कि नए छत्तीसगढ़ की दिशा तय करने का अवसर है। उन्होंने राज्य निर्माण के लिए श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया और कहा कि उनके दूरदर्शी निर्णयों से ही छत्तीसगढ़ आज अपनी अलग पहचान बना सका है।
उन्होंने वर्ष 2000 के बाद छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के 15 वर्षों के सुशासन काल में राज्य ने बीमारू की छवि से बाहर निकलकर विकास की नई ऊँचाइयों को छुआ। किसानों को ब्याज मुक्त ऋण, धान खरीदी में ऐतिहासिक वृद्धि, गरीबों को सस्ती दर पर चावल, शिक्षा-स्वास्थ्य संस्थानों का विस्तार, बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भरता और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण जैसे अनेक कार्यों ने छत्तीसगढ़ को मजबूती दी।
भावना बोहरा ने कहा कि आज 25 वर्ष के युवा छत्तीसगढ़ के पास भविष्य गढ़ने का अवसर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तैयार ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विज़न 2047’ केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि राज्य के स्वर्णिम भविष्य का संकल्प है। यह विज़न सुरक्षा, सुशासन और संतुलित विकास के तीन मजबूत स्तंभों पर आधारित है, जिसका लक्ष्य वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को पूर्ण विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाना है।
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं को रखते हुए विधायक भावना बोहरा ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने हाफ नदी परियोजना के विस्तार, मॉडल स्कूल एवं अस्पतालों की स्थापना, धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास तथा भोरमदेव मंदिर कॉरिडोर की तर्ज पर क्षेत्र के प्रमुख स्थलों के उन्नयन की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा, स्वास्थ्य केंद्रों को सुविधायुक्त बनाना और वनांचल क्षेत्रों तक सिंचाई व स्वच्छ पेयजल की पहुँच सुनिश्चित करना ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा।
अंजोर विज़न 2047 पर विधानसभा में विधायक भावना बोहरा का सशक्त वक्तव्यकहा– हर गाँव-ब्लॉक तक पहुँचे जिला स्तरीय सुविधाएँ, तभी बनेगा विकसित छत्तीसगढ़


