लोहारा क्षेत्र में डिप्टी सीएम विजय शर्मा के दौरे के दौरान किसानों की शिकायत के आधार पर पटवारी राजेश शर्मा को निलंबित किए जाने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। निलंबन के विरोध में प्रदेश और जिले का पटवारी संघ खुलकर मैदान में उतर आया है, जिसके कारण जिलेभर का राजस्व कामकाज ठप पड़ गया है।
🔴 जाँच के बिना निलंबन का आरोप, संघ में उबाल
पटवारी संघ ने आरोप लगाया है कि प्रशासन ने बिना समुचित जाँच और बिना पक्ष सुने ही निलंबन आदेश जारी कर दिया, जो कि पूरी तरह अन्यायपूर्ण और मनोबल तोड़ने वाला निर्णय है।
संघ ने चेतावनी दी है कि—
“यदि निलंबन आदेश तुरंत वापस नहीं लिया गया, तो प्रदेशभर के पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखेंगे।”
🔻 जिलेभर का कामकाज ठप
बुधवार से ही कबीरधाम जिले के तमाम पटवारी कामकाज छोड़कर हड़ताल पर बैठ गए हैं। इसके कारण—
- नामांतरण
- खसरा–खतौनी
- फसल गिरदावरी
- प्रमाण पत्रों की प्रक्रिया
जैसी महत्वपूर्ण राजस्व सेवाएं पूर्णतः बाधित हो गई हैं।
🔎 प्रशासन की चुप्पी, कर्मचारियों में आक्रोश
पटवारी संघ का कहना है कि इस तरह की एकतरफा कार्रवाई कर्मचारियों का मनोबल गिराती है और राजस्व अमले में भारी असंतोष फैलाता है।
अब जिलेभर की निगाहें प्रशासन और सरकार पर टिकी हैं कि क्या वे संघ की मांग मानते हुए निलंबन वापस लेते हैं या फिर विवाद और गहराएगा।


