कबीरधाम। पुलिस विभाग में अनुशासन और प्रोफेशनलिज़्म को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) ने कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरक्षकों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच में तीनों पुलिसकर्मियों के लगातार शराब सेवन, ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और गंभीर अनुशासनहीनता की पुष्टि होने के बाद यह कठोर निर्णय लिया गया।
आरक्षक 52 अनिल मिरज
विभागीय जांच में पाया गया कि अनिल मिरज बार-बार बिना सूचना लंबे समय तक अनुपस्थित रहता था। 334 दिनों की अनाधिकृत अनुपस्थिति, मोटर वारंट गायब करना, नोटिस तामील में लापरवाही और पूर्व में 22 बार की दंडित कार्रवाई यह दर्शाती है कि वह कर्तव्य के प्रति पूरी तरह उदासीन था। सुधार के कोई भी संकेत न मिलने पर उसे सेवा से पृथक कर दिया गया।
आरक्षक 517 आदित्य तिवारी
बंदी पेशी जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में न्यायालय परिसर के बाहर सो जाना, ड्यूटी छोड़कर फरार होना और 91 दिनों तक अनुपस्थित रहना अत्यंत गंभीर लापरवाही मानी गई। पूर्व में भी कई बार नशे में पाए जाने और ड्यूटी से गायब रहने की घटनाओं के बावजूद सुधार न दिखने पर उन्हें भी बर्खास्त किया गया।
आरक्षक चालक 272 राजेश उपाध्याय
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आमद देते समय शराब के नशे में पहुंचना, वर्दी में अव्यवस्था, अनर्गल बातें करना तथा स्टाफ से वाद-विवाद करना पुलिस रेगुलेशन का सीधा उल्लंघन पाया गया। कई बार दंडित होने के बाद भी व्यवहार में सुधार न होने पर उन्हें भी सेवा से पदच्युत कर दिया गया।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि विभाग में नशाखोरी, कर्तव्यच्युति और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर सहन नहीं की जाएगी। केवल वही कर्मचारी सेवा में रहेंगे जो अनुशासन, ईमानदारी और प्रोफेशनल आचरण के मानकों पर खरे उतरते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विभाग की छवि और जनता का विश्वास सर्वोपरि है, और जो भी कर्मचारी इसे धूमिल करेगा, उसके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।


