सरोदा रोड पर अवैध वसूली करने वाले छह आरोपी दबोचे, कबीरधाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई

कबीरधाम पुलिस ने सरोदा रोड पर राहगीरों से अवैध वसूली करने वाले असामाजिक तत्वों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धमेन्द्र सिंह (IPS) को सूचना मिली थी कि कुछ युवक यात्रियों को रोककर डराने-धमकाने के साथ जबरन वसूली कर रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं पंकज पटेल के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर कुल छह आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी ने अवैध वसूली की बात स्वीकार की।

आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 BNSS के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कबीरधाम जिले में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, असामाजिक गतिविधि या अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं जबरन वसूली, धमकी या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी

  1. निपलेश पटेल (26), निवासी खैरबना
  2. गीतेश साहू (27), निवासी खैरबना
  3. लक्ष्मण साहू (18), निवासी तारो
  4. राम साहू (18), निवासी तारो
  5. दीपेश पाली (20), निवासी तारो
  6. तुलेश्वर साहू (24), निवासी तारो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!