बिहार चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा का बयान—“जनता ने विकास और सुशासन पर फिर जताया भरोसा”

कवर्धा/पंडरिया,14 नवम्बर,बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने प्रचंड बहुमत के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस विजयी परिणाम पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह जीत बिहार की जनता के विकास, सुशासन और स्थिरता के प्रति गहरे विश्वास का प्रतीक है।

विधायक बोहरा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की जनता ने पुनः यह सिद्ध कर दिया है कि वह सर्वसमावेशी प्रगति और राज्य के व्यापक विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा—“यह सिर्फ़ एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी जी की गारंटी और नए उभरते बिहार के भविष्य पर जनता के भरोसे का परिणाम है। इसके लिए बिहार की जनता को कोटि-कोटि धन्यवाद।”

उन्होंने एनडीए के सभी विजयी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ही इस ऐतिहासिक सफलता की असली ताकत है।

विकास, महिला सशक्तिकरण और रोजगार पर जनता ने दिया विश्वास
भावना बोहरा ने कहा कि बिहार की जनता ने महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, किसानों की आर्थिक उन्नति और अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता देते हुए एनडीए सरकार को फिर से चुना है।
उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने और चुनावी वादों की आड़ में जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि “विपक्ष ने झूठे वादे किए, अपमानजनक बयान दिए, लेकिन जनता सब जानती है। मोदी जी जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं—और यही ‘मोदी गारंटी’ पर जनता का भरोसा है।”

उन्होंने कहा कि महिलाओं को ₹10,000 की आर्थिक सहायता, बिहार को मिला विशेष पैकेज, अधोसंरचना में सुधार, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार, किसानों के लिए ऊर्जा और सिंचाई की बेहतर उपलब्धता—इन सभी योजनाओं का लाभ जनता प्रत्यक्ष रूप से महसूस कर रही है।

सोनपुर विधानसभा में विजय—भावना बोहरा ने जताया आभार
सोनपुर विधानसभा की जिम्मेदारी मिलने पर आभार व्यक्त करते हुए बोहरा ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी विनय कुमार सिंह की बड़ी जीत पूरे क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सोनपुर की जनता ने उन्हें परिवार के सदस्य की तरह स्नेह और समर्थन दिया, जिसके लिए वे हृदय से आभारी हैं।

“नए, आत्मनिर्भर और विकसित बिहार की ओर”
विधायक बोहरा ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में एनडीए सरकार अपने हर वादे को पूरा करते हुए बिहार को आत्मनिर्भर, विकसित और प्रगतिशील राज्य बनाने की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!