खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान अन्य राज्यों से अवैध धान की आवक पर रोक लगाने के लिए कबीरधाम जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश पर जिले के सीमावर्ती इलाकों में 23 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां राजस्व, कृषि, वन और पुलिस विभाग के संयुक्त दल चौकसी में जुटे हैं।
प्रशासन की इस सख्त निगरानी के तहत अब तक रेंगाखारकला और कुकदूर क्षेत्र में अवैध रूप से धान परिवहन करते हुए तीन वाहनों की जब्ती की कार्रवाई की गई है।

कलेक्टर वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अंतराज्यीय अवैध धान परिवहन पर कड़ी कार्रवाई जारी रहे। उन्होंने कहा कि पकड़े गए वाहन और धान की राजसात की कार्यवाही “कस्टम मिलिंग एवं चावल उपार्जन आदेश 2016” के तहत की जाएगी। साथ ही संबंधित व्यक्तियों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 2015 के प्रावधानों के अंतर्गत एफआईआर, वसूली एवं राजसात की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी।
👉 प्रशासन ने किसानों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अवैध धान परिवहन या खरीद-बिक्री से दूर रहें और केवल मान्यता प्राप्त धान उपार्जन केंद्रों पर ही विक्रय करें।


