कवर्धा। राज्योत्सव के जश्न के बीच कवर्धा में सोमवार देर रात माहौल तब गरम हो गया जब भाजपा कार्यकर्ता राकेश साहू और थाना प्रभारी योगेश कश्यप के बीच झूमाझटकी हो गई। पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित राज्योत्सव का रंग अचानक बिगड़ गया और जश्न की जगह हंगामे ने ले ली।
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। बताया जा रहा है कि भाजपा कार्यकर्ता राकेश साहू ने थाना प्रभारी का कॉलर पकड़ लिया और वर्दी के बटन तोड़ दिए। इस दौरान मौके पर मौजूद एक अन्य अधिकारी की नेमप्लेट भी टूट गई।
घटना के बाद अफरातफरी मच गई। कई दर्शक मंच की ओर भागे और पुलिस बल को बीच-बचाव के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा। इसी बीच राकेश साहू का थाना प्रभारी से गाली-गलौज करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और भाजपा कार्यकर्ता राकेश साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
वहीं, घटना की खबर मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी समेत कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से चर्चा की और स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। हालांकि, कुछ देर तक नारेबाजी और हंगामे का दौर चलता रहा, जिससे कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई इस झड़प को देखने के लिए लोग राज्योत्सव मंच से हटकर घटनास्थल के पास जमा हो गए। धीरे-धीरे राज्योत्सव का उल्लास राजनीतिक टकराव के रण में बदल गया — जहाँ संगीत की जगह हंगामे की गूंज सुनाई देने लगी।
फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देखे एफआईआर की कापी




