पंडरिया विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से नगर पंचायत पांडातराई को ₹2.79 करोड़ के 52 विकास कार्यों की सौगात

पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए एक बार फिर विकास की सौगात आई है। विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों से नगर पंचायत पांडातराई में कुल 52 अधोसंरचना एवं विकास कार्यों के लिए ₹2 करोड़ 79 लाख 76 हजार की स्वीकृति मिली है। यह राशि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा मंजूर की गई है, जिससे नगर में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

इन कार्यों में सीसी रोड निर्माण, नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट, मुक्तिधाम, मूर्ति स्थापना, टॉप निर्माण, आहता निर्माण और अतिरिक्त कक्ष जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से पांडातराई नगर की जनता को बेहतर आवागमन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छ पर्यावरण का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि —

“नगर पंचायत पांडातराई की जनता की सुविधाओं और उनकी मांगों को पूरा करने के लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं। आज जो ₹2.79 करोड़ की स्वीकृति मिली है, उससे नगर के विकास को नई गति मिलेगी। हाल ही में उप तहसील की स्थापना भी इसी दिशा में एक बड़ा कदम है, जो डबल इंजन भाजपा सरकार की विकास नीति को दर्शाता है।”

विधायक बोहरा ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और नगरीय प्रशासन मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए नगरवासियों को बधाई दी।

उन्होंने आगे कहा कि पांडातराई नगर में पहले भी पेयजल व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, पीएम आवास, बाईपास निर्माण और तहसील कार्यालय की स्थापना जैसे अनेक विकास कार्य पूरे किए गए हैं। उन्होंने कहा कि —

“हमारा लक्ष्य है कि जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं मिलें, नगर स्वच्छ, सुंदर और समृद्ध बने। विकास कार्यों के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

इन विकास परियोजनाओं से पांडातराई नगर की छवि और आर्थिक प्रगति को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!