सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर कलेक्टर, एसपी सहित अधिकारियों ने लगाई ‘एकता की दौड़’ राष्ट्रीय एकता दिवस पर कवर्धा में “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन, उत्साह और जोश के साथ दी एकता का संदेश


देश के प्रथम गृह मंत्री लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आज राष्ट्रीय एकता दिवस के अंतर्गत “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर गोपाल वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

दौड़ का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होते हुए पुनः पुलिस कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का सशक्त संदेश देते हुए अनुशासन और उत्साह का परिचय दिया।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ‘सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, नेतृत्व और दूरदृष्टि से देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया। आज की यह दौड़ उन्हीं के आदर्शों को स्मरण कर राष्ट्र निर्माण में एकजुटता का संदेश देती है।’

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि ‘राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की अखंडता, सुरक्षा एवं सामूहिक एकजुटता के मूल्यों को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है। पुलिस विभाग सदैव समाज में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।’

उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य सभी नागरिकों को एकजुट होकर राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने तथा फिटनेस के महत्व को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव मोतीराम चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, आरआई महेश्वर सिंह, थाना प्रभारी कोतवाली योगेश कश्यप, स्वामी विवेकानंद एकेडमी के छात्र तथा अनेक अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!