पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने थाना पंडरिया का वार्षिक निरीक्षण कियाअपराध नियंत्रण एवं प्रार्थीगण को त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के दिए निर्देश


कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने शुक्रवार को थाना पंडरिया का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना स्तर पर दर्ज गंभीर अपराधों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा थाना प्रभारी निरीक्षक श्री नितिन तिवारी सहित विवेचकों को लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किए।

पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने कहा कि पंडरिया थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति सीमा से सटी होने के कारण यहाँ अवैध शराब एवं मादक पदार्थ तस्करी की संभावनाएँ बनी रहती हैं। ऐसे में पुलिस को सतत् अभियान चलाते हुए मुखबिर तंत्र को सुदृढ़ करना चाहिए तथा आरोपियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने रोजनामचा, केस डायरी, अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीट, निगरानी एवं फरारी रजिस्टर, गिरफ्तारी रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर सहित सभी अभिलेखों का परीक्षण किया। साथ ही पुरुष एवं महिला हवालात, मालखाना, कंप्यूटर कक्ष और कार्यालय परिसर का भी अवलोकन कर स्वच्छता एवं अभिलेख प्रबंधन की स्थिति का जायज़ा लिया।

उन्होंने निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, विशेषकर महिला एवं बालक-बालिकाओं से संबंधित मामलों में तत्परता से कार्यवाही हो। न्यायालयीन प्रकरणों के पालन में भी किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना और समयबद्ध समाधान करना ही पुलिस की असली पहचान है। निरीक्षण उपरांत उन्होंने स्टाफ की फॉलिंग कर विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी ली। किसी प्रकार की समस्या न होने पर उन्होंने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा—

“स्वच्छ छवि, अनुशासित व्यवहार, साफ-सुथरी वर्दी और संवेदनशील पुलिसिंग हमारी प्राथमिकता है। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही हमारा दायित्व है।”

इस अवसर पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन तिवारी, उप निरीक्षक (अ) पूजा चौबे, उप निरीक्षक सालिकराम साहू (रीडर) सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!