विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के संबंध में राजनीतिक दलों की बैठक आयोजितराजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया की दी गई विस्तृत जानकारी


कवर्धा, 30 अक्टूबर 2025।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेंद्र पैकरा की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपस्थित दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन आयोग से प्राप्त कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि 28 अक्टूबर 2025 से विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है, जो 07 फरवरी 2026 तक चलेगी। इस अवधि में पात्र नागरिकों के नाम जोड़े जाने, मृत या दोहरे नाम हटाने तथा आवश्यक संशोधन की कार्यवाही की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि आखिरी बार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) वर्ष 2002-2004 में किया गया था। उसके बाद से मतदाता सूची में अनेक परिवर्तन हुए हैं, जिनमें एक ही मतदाता का एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होना या मृत मतदाताओं के नाम न कट पाना जैसी त्रुटियां शामिल हैं। इन त्रुटियों के सुधार के लिए यह विशेष पुनरीक्षण किया जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार –

  • 28 अक्टूबर से 03 नवंबर 2025 तक प्रिंटिंग तथा संबंधित अधिकारियों (ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ, पर्यवेक्षक) का प्रशिक्षण होगा।
  • 04 नवंबर से 04 दिसंबर 2025 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना फार्म भरवाएंगे और संकलन करेंगे।
  • इस दौरान 01 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि तक नए मतदाताओं से फार्म-6 लिया जाएगा।
  • 09 दिसंबर 2025 को प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा, जिसमें गणना फार्म भरने वाले मतदाताओं के नाम शामिल होंगे। जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट रोल में नहीं होंगे, उनकी सूची सीईओ की वेबसाइट और सार्वजनिक कार्यालयों में प्रकाशित की जाएगी।

प्रारंभिक प्रकाशन के बाद 09 दिसंबर 2025 से 08 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। कोई भी मतदाता या मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल का बीएलए इस अवधि में दावा या आपत्ति दर्ज कर सकेगा।
09 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक प्राप्त दावा-आपत्तियों पर सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया चलेगी, जिसके बाद 07 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

निर्वाचन विभाग ने सभी राजनीतिक दलों से मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग की अपील की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!